राजस्थान में अब राज्यपाल, मुख्यमंत्री और विधानसभा अध्यक्ष के बीच माहौल सुधारने की कवायद।

मुख्यमंत्री अशोक गहलोत की सकारात्मक पहल। राज्यपाल कलराज मिश्र के एक वर्ष के कार्यकाल पर प्रकाशित पुस्तक का विमोचन।

जयपूर (एस.पी.मित्तल) – जुलाई और अगस्त माह में राजस्थान में राज्यपाल, मुख्यमंत्री और विधानसभा अध्यक्ष के बीच जो टकराव देखने को मिला था उसे अब सितम्बर माह में सुधारने का प्रयास किया जा रहा है। 8 सितम्बर को कलराज मिश्र को राजस्थान का राज्यपाल बने एक वर्ष पूरा हो गया। राज्यपाल के एक वर्ष के कार्यकाल और उपलब्धियों को लेकर नई सोच नए आयाम नामक पुस्तक का प्रकाशन किया गया। इस पुस्तक का विमोचन मुख्यमंत्री अशोक गहलोत और विधानसभा अध्यक्ष सीपी जोशी ने राजभवन पहुंचकर किया। इस अवसर पर मुख्य सचिव राजीव स्वरूप भी उपस्थित रहे। सीएम गहलोत और विधानसभा अध्यक्ष जोशी ने राज्यपाल की सक्रियता की भी प्रशंसा की। दोनों की नेताओं ने राज्यपाल की लम्बी उम्र की कामना भी की। 8 सितम्बर को राजभवन में मुख्यमंत्री अशोक गहलोत और विधानसभा अध्यक्ष सीपी जोशी की उपस्थिति में जो कुछ भी हुआ उसे माहौल को सुधारने की कवायद मानी जा रही है। गहलोत और जोशी विमोचन समारोह के बाद काफी देर तक राजभवन में रुके रहे। तीनों ने यह दर्शाने का काम किया कि अब राजस्थान में सब कुछ सामान्य है और लोकतंत्र के तीनों स्तम्भ एकजुट हैं। जानकार सूत्रों के अनुसार माहौल को सुधारने में सीएम गहलोत की सकारात्मक पहल रही है। जानकारों की माने तो मौजूदा राजनीति हालातों में अब सीएम गहलोत राजभवन से कोई टकराव नहीं चाहते हैं। यहां यह उल्लेखनीय है कि जुलाई माह में जब राज्यपाल कलराज मिश्र ने विधानसभा का सत्र बुलाने में विलम्ब किया था, तब सीएम अशोक गहलोत ने सौ विधायकों के साथ राजभवन में पांच घंटे तक धरना प्रदर्शन किया। इतना ही नहीं गहलोत ने सार्वजनिक तौर पर यह भी धमकी दी कि यदि प्रदेश की जनता ने राजभवन को घेर लिया तो मेरी कोई जिम्मेदारी नहीं होगी। सचिन पायलट के साथ दिल्ली गए 18 विधायकों को दिए गए नोटिस को लेकर भी राजस्थान का मामला सुप्रीम कोर्ट तक में गया। तब यह माना गया कि विधानसभा राजभवन और सरकार के बीच टकराव बढ़ गया है। विधानसभा अध्यक्ष सीपी जोशी राज्यपाल मिश्र ने भी प्रेस कॉन्फ्रेंस कर अपने अपने तर्क रखे। कई दिनों तक तो प्रदेश में संवैधानिक टकराव के हालात तक बन गए। कांग्रेस के नेताओं ने खुले आम आरोप लगाया कि कलराज मिश्र राज्यपाल के संवैधानिक पद पर बैठकर राजनीति कर रहे हैं। हालांकि जद्दोजहद के बाद राज्यपाल कलराज मिश्र ने विधानसभा सत्र को बुलाने की अनुमति दे दी थी, लेकिन माना गया कि लोकतंत्र के तीनों स्तंभों के बीच दूरियाँ बढ़ गई है। 8 सितम्बर को तीनों स्तंभों में जुलाई अगस्त की दूरियों को कम करने की कवायद की है।

LEAVE A REPLY

Please enter your comment!
Please enter your name here