- उधर दिल्ली में प्रभारी महासचिव अजय माकन से सचिन पायलट ने मुलाकात की।
- प्रोफेसर सारस्वत भाजपा प्रशिक्षण के प्रदेश संयोजक बने।
जयपूर (एस.पी.मित्तल) – 15 सितम्बर को राजस्थान के सीएम अशोक गहलोत की पहल पर वीसी के माध्यम से कोरोना जागरुकता संवाद किया गया। इस संवाद से प्रदेश भर में कोई दो लाख रुपए जुड़े। देश के नामी चिकित्सक डॉ. नरेश त्रेहान, डॉ. देवी शेट्टी, डॉ. एसके शरीन आदि ने कोरोना वायरस और उसके बचाव के बारे में विस्तृत जानकारी दी। संवाद में सीएम गहलोत ने कहा कि उनका प्रयास प्रदेश के लोगों को कोरोना संक्रमण के प्रति जागरुक करने का है। संवाद से चिकित्सा विभाग के अधिकारी भी जुड़े। इन अधिकारियों ने नामी चिकित्सकों को सरकार की उपलब्धियों के बारे में विस्तार से जानकारी दी। बताया गया कि सरकारी अस्पतालों में कोरोना से संक्रमित मरीजों का किस तरह इलाज हो रहा है। नामी चिकित्सकों ने भी गहलोत सरकार की तैयारियों की प्रशंसा की। चूंकि संवाद से ग्राम पंचायत स्तर तक के लोग जुड़े हुए थे,इसलिए जागरुकता का संदेश गांव ढाणी तक गया।
माकन पायलट मुलाकात:
कोरोना काल में सरकार की उपलब्धियों के बीच ही कांग्रेस के वरिष्ठ नेता सचिन पायलट ने दिल्ली में प्रभारी महासचिव अजय माकन से मुलाकात की। जानकार सूत्रों के अनुसार यह मुलाकात कोई डेढ़ घंटे तक चली। माकन ने 8 और 9 सितम्बर को अजमेर और जयपुर संभाग के कांग्रेस कार्यकर्ताओं से संवाद किया था। इससे पहले 7 सितम्बर को प्रदेश भर में सचिन पायलट का जन्मदिन रक्तदान शिविर आयोजित कर मनाया गया। दो संभागों में संवाद के दौरान कांग्रेस के कार्यकर्ता अशोक गहलोत और सचिन पायलट के गुटों में नजर आए। संवाद के दौरान जो हालात उत्पन्न हुए उसको लेकर भी दोनों नेताओं के बीच मंथन हुआ। हालांकि मुलाकात के बाद दोनों नेताओं ने कोई प्रतिक्रिया नहीं दी। लेकिन दोनों की मुलाकात को राजनीतिक नजरिए से महत्वपूर्ण माना जा रहा है।
सारस्वत प्रदेश संयोजक नियुक्त:
भाजपा के प्रदेश अध्यक्ष सतीश पूनिया और संगठन महामंत्री चन्द्रशेखर ने भाजपा के वरिष्ठा नेता प्रोफेसर बीपी सारस्वत को भाजपा प्रशिक्षण का प्रदेश संयोजक नियुक्त किया है। भाजपा में मंडल स्तर तक के कार्यकर्ताओं को प्रशिक्षण देने की परंपरा है। ऐसे प्रशिक्षण शिविर मंडल स्तर से लेकर प्रदेश स्तर तक लगाए जाते हैं। अब सारस्वत भाजपा के कार्यकर्ताओं के लिए प्रदेश भर में प्रशिक्षण शिविर आयोजित करेंगे। सारस्वत ने बताया कि 3 अक्टूबर से कोविड-19 के नियमों के अनुरूप मंडल स्तर पर प्रशिक्षण शिविर लगेंगे। उल्लेखनीय है कि प्रो. सारस्वत अभी कोटा शहर के प्रभारी हैं तथा अजमेर भाजपा देहात के अध्यक्ष रह चुके हैं। मोबाइल नम्बर 9414007655 पर प्रो. सारस्वत को बधाई दी जा सकती है।







