जयपूर (एस.पी.मित्तल) – अजमेर के मदार क्षेत्र में विद्युत वितरण निगम का सहायक अभियन्ता का कार्यालय है। इस कार्यालय में सवा सौ से भी ज्यादा इंजीनियर, अधिकारी, तकनीकी कर्मचारी आदि काम करते हैं। लेकिन इसे आश्चर्यजनक ही कहा जाएगा कि कोरोना काल में इस कार्यालय का एक भी कार्मिक पॉजिटिव नहीं हुआ है।
देशभर में जहां भी समूह के तौर पर कार्मिक काम करते हैं, वहां कोरोना संक्रमण की मार है। लेकिन मदार के इस कार्यालय के कर्मचारियों ने कोरोना संक्रमण के प्रति जो जागरुकता दिखाई है, उसी का परिणाम है कि कोरोना वायरस इस दफ्तर में प्रवेश नहीं कर पा रहा है। सहायक अभियन्ता विनोद खंडेलवाल और राजस्व अधिकारी विनीत जैन ने बताया कि हमने शुरू से ही जागरुकता का संकल्प ले रखा है। सभी कार्मिकों ने तय किया है कि वे फिजिकल डिस्टेसिंग की पालना करेंगे और कार्यालय में उपस्थित रहने के समय मुंह पर मास्क लगाए रखेंगे। इतना ही नहीं आपसी सहमति से यह भी निर्णय लिया गया है कि कोई भी कार्मिक कोरोना काल में अजमेर से बाहर नहीं जाएगा। भले ही परिवार में कोई खुशी अथवा गम हो। तकनीकी कार्मिकों को भी फील्ड में जाने पर मास्क और गल्बस दिए गए हैं।
ऐसा नहीं कि इस कार्यालय में काम का बोझ कम हो। सहायक अभियन्ता के इस कार्यालय से 32 हजार विद्युत उपभोक्ता जुड़े हुए हैं। उपभोक्ताओं की शिकायतों के समाधान के साथ साथ मीटर रीडिंग और बिल भिजवाने तथा बिल की राशि जमा करने का काम भी सुचारु तरीके से हो रहा है। आने वाले प्रत्येक उपभोक्ता को संतुष्ट किया जाता है। प्रबंध निदेशक के निर्देशों के अनुसार पिछले दो माह से आधे उपभोक्ताओं को प्रतिमाह बिल भिजवाए जा रहे हैं। इस कार्यालय की जागरुकता के बारे में मोबाइल नम्बर 6350490296 पर विनीत जैन से जानकारी ली जा सकती है।







