डीबी गुप्ता अगले एक वर्ष तक मुख्यमंत्री के सलाहकार के पद पर काम करते रहेंगे।

rajasthan-D-B-Gupta
  • रिटायरमेंट से ढाई माह पहले मुख्य सचिव के पद से चुपचाप हटने का ईनाम मिला।
  • राजस्थान में 2 अक्टूबर से चलेगा कोरोना के खिलाफ जनआंदोलन। सरकार एक करोड़ मास्क मुफ्त बांटेगी।

जयपूर (एस.पी.मित्तल) – डीबी गुप्ता 30 सितम्बर को आईएएस की सेवा से रिटायर हो गए। लेकिन गुप्ता अब एक अक्टूबर 2021 तक मुख्यमंत्री अशोक गहलोत के सलाहकार के पद पर काम करते रहेंगे। 30 सितम्बर को दोपहर डेढ़ बजे जयपुर के आयोजना भवन में गुप्ता की आईएएस से सेवानिवृत्ति पर एक पार्टी होनी थी, लेकिन इससे पहले ही गुप्ता के लिए मुख्यमंत्री के सलाहकार पद के आदेश जारी हो गए। माना जा रहा है कि रिटायरमेंट से ढाई माह पहले मुख्य सचिव के पद से हटाए जाने का ईनाम गुप्ता को मिला है।
मुख्य सचिव के पद से रातों रात हटाने पर गुप्ता ने कोई प्रतिक्रिया नहीं दी थी। शायद तभी सीएम गहलोत ने गुप्ता को उनके भविष्य के बारे में बता दिया था। अब अगले एक वर्ष तक गुप्ता सीएम के सलाहकार के तौर पर सभी सुख सुविधाएँ प्राप्त करते रहेंगे। 30 सितम्बर को जिस तरह एक वर्ष के लिए गुप्ता की सलाहकार के पद पर नियुक्ति की गई उसको लेकर प्रशासनिक क्षेत्रों में चर्चा है। माना जा रहा था कि गुप्ता को राजस्थान लोक सेवा आयोग का अध्यक्ष बनाया जाएगा। मौजूदा अध्यक्ष दीपक उप्रेती 14 अक्टूबर को कार्यमुक्त हो रहे हैं। गुप्ता आयोग के अध्यक्ष के तौर पर अगले दो वर्ष तक काम कर सकते थे। लेकिन अब आगामी एक वर्ष के लिए गुप्ता को मुख्यमंत्री के सलाहकार पद पर नियुक्ति दे दी गई है। संभव है कि अब गुप्ता को आयोग का अध्यक्ष न बनाया जाए। अलबत्ता अशोक गहलोत के शासन में प्रशासनिक क्षेत्र में कुछ भी संभव है। प्रशासनिक तंत्र पर गहलोत की मजबूत पकड़ है। प्रशासन ने वो ही होता है जो गहलोत चाहते हैं। गहलोत के किसी भी फैसले को चुनौती देने की हिम्मत किसी भी नौकरशाह में नहीं है।
एक करोड़ मास्क बंटेंगे:
राजस्थान में आगामी 2 अक्टूबर से कोरोना वायरस के खिलाफ जन आंदोलन शुरू हो रहा है। इस आंदोलन को सरकार चलाएगी। लोगों को कोरोना संक्रमण के प्रति जागरुक किया जाएगा। इसके अंतर्गत प्रदेशभर में एक करोड़ मास्क नि:शुल्क बांटे जाएंगे। जिले के प्रभारी मंत्री तीन और चार अक्टूबर को अपने अपने जिलों में जाकर विधानसभा स्तर पर जन प्रतिनिधियों और जागरुक लोगों से सम्पर्क करेंगे।

LEAVE A REPLY

Please enter your comment!
Please enter your name here