राजस्थान में गहलोत सरकार ने 21 महीने में 252 चुनावी वायदे पूरे कर दिए।

rajasthan-congress
  • 501 में से 173 वायदों का क्रियान्वयन प्रगति पर है।
  • प्रभारी महासचिव अजय माकन ने चुनाव के घोषणा पत्र को सरकार का नीति दस्तावेज बनाने पर सीएम अशोक गहलोत की प्रशंसा की।
  • सरकार के रिपोर्ट कार्ड के समारोह में स्वास्थ खराब होने के कारण मुख्यमंत्री भाग नहीं ले सके।
  • चुनावी वायदे पूरे नहीं होने पर सचिन पायलट ने दिखाए थे बगावती तेवर।

जयपूर (एस.पी.मित्तल) – राष्ट्रपिता महात्मा गांधी की जयंती पर दो अक्टूबर को राजस्थान में अशोक गहलोत के नेतृत्व वाली कांग्रेस सरकार ने अपना रिपोर्ट कार्ड जारी कर दिया है। हालांकि स्वास्थ्य खराब होने के कारण सीएम गहलोत समारोह में शामिल नहीं हो सके, लेकिन प्रदेश कांग्रेस कमेटी के अध्यक्ष गोविंद सिंह डोटासरा के साथ अधिकांश मंत्री मौजूद रहे।
डोटासरा ने कहा कि दिसम्बर 2018 के विधानसभा चुनाव में कांग्रेस ने अपने घोषणा पत्र में 501 वायदे किए थे। प्रदेश में गहलोत सरकार बने 21 माह हुए हैं, लेकिन इस 17 महीनों में 501 में से 252 चुनावी वायदे पूरे कर दिए हैं, जबकि 173 वादों को पूरा करने का काम प्रगति पर है। डोटासरा ने कहा कि अशोक गहलोत के नेतृत्व वाली कांग्रेस सरकार समाज के हर वर्ग का ख्याल रख रही है। अब कांग्रेस का कार्यकर्ता भी खुश होगा कि सरकार ने अपने वायदे पूरे कर दिए हैं।
किसान से लेकर आम गरीब व्यक्ति को राहत मिली है। डोटासरा ने कहा कि कौन कौन से चुनावी वायदे पूरे हुए हैं। इसका विस्तृत ब्यौरा रिपोर्ट कार्ड में देखा जा सकता है। समारोह में वीडियो कॉन्फ़्रेंस से जुड़े प्रभारी महासचिव अजय माकन ने कहा कि कांग्रेस पार्टी ने जो घोषणा पत्र जारी किया था, उसी को गहलोत सरकार ने सरकार का नीति दस्तावेज घोषित किया। मुख्यमंत्री का यह कार्य सराहनीय है, इसके लिए अशोक गहलोत की जितनी प्रशंसा की जाए, उतनी कम है। गहलोत की इस कार्यशैली से कांग्रेस का आम कार्यकर्ता भी उत्साहित है। सरकारों पर अक्सर आरोप लगता है कि वायदे कर चुनाव में वोट तो ले लिए जाते हैं, लेकिन वादों पर अमल नहीं होता, लेकिन गहलोत ने चुनावी वायदे पूरे करके दिखाए हैं। आज प्रदेश में सत्ता और संगठन में तालमेल भी बेहतर है।
पायलट ने दिखाए थे बगावती तेवर:
गहलोत सरकार चुनावी वायदे पूरे नहीं कर रही है, इसको लेकर ही पूर्व डिप्टी सीएम सचिन पायलट ने गत जुलाई अगस्त में बगावती तेवर दिखाए थे। 18 विधायकों के साथ एक माह तक दिल्ली में रहने वाले सचिन पायलट ने तब कहा था कि कांग्रेस पार्टी ने विधानसभा चुनाव में जो वायदे किए थे उन्हें सरकार बनने पर पूरा नहीं किया जा रहा है। पायलट का यह भी कहना रहा कि यदि वायदे पूरे नहीं हुए तो कांग्रेस की सरकार दोबारा से नहीं बनेगी। पायलट ने गहलोत सरकार पर जो आरोप लगाए उनका जवाब दो अक्टूबर को मौजूदा प्रदेशाध्यक्ष डोटासरा ने दे दिया। पायलट और उनके समर्थकों को बता दिया कि सरकार ने 501 में से 252 वायदे पूरे कर दिए हैं। मालूम हो कि विधानसभा चुनाव के समय पायलट ही कांग्रेस के प्रदेशाध्यक्ष थे।

LEAVE A REPLY

Please enter your comment!
Please enter your name here