हत्यारे तौफिक और रेहान के बाद हथियार सप्लायर अजरू भी गिरफ्तार।
जयपूर (एस.पी.मित्तल) – 29 अक्टूबर को पुलिस ने हरियाणा के मेवात के नंहू क्षेत्र से अजरू नामक युवक को भी गिरफ्तार कर लिया है। अजरू ने जो रिवाल्वर तौफिक को दिया था उसी से तौफिक ने हरियाणा के वल्लभगढ़ की छात्रा निकिता की सरे आम गोली मारकर हत्या कर दी थी।
पुलिस ने तौफिक और उसके सहयोगी रेहान को पहले ही गिरफ्तार कर लिया था। सीसीटीवी कैमरे के दृश्य बताते हैं कि छात्रा निकिता को जबरन कार में बैठाने की कोशिश की गई, लेकिन जब सफलता नहीं मिली, तो तौफिक ने निकिता को गोली मार दी। अब निकिता के परिवार वालों का कहना है कि तौफिक गत दो तीन वर्षों से निकिता को तंग कर रहा था। तौफिक चाहता था कि निकिता मुस्लिम धर्म स्वीकार कर उसके साथ निकाह कर ले।
भारत में हर व्यक्ति को अपने धर्म के अनुरूप जीवन जीने का अधिकार है। ऐसे में निकिता पर धर्म परिवर्तन का दबाव नहीं डाला जा सकता। लेकिन कैमरे के दृश्यों ने बता दिया कि किस बेरहमी से एक कॉलेज छात्रा को सरे आम गोली मार दी गई। देश में ऐसे बहुत से बुद्धिजीवी इतिहासकार, पत्रकार, फिल्मकार आदि हैं, जिन्हें भारत में असहिष्णुता नजर आती है। ऐसे बुद्धिजीवियों का कहना होता है कि धर्म के आधार पर लोगों को परेशान किया जाता है। ऐसे आरोपों को लेकर राष्ट्रपति तक को पत्र लिखे जाते हैं। जब बुद्धिजीवी वर्ग के कुछ लोग असहिष्णुता की बात कहते हैं, तो अंतर्राष्ट्रीय मंच पर भारत की छवि भी खराब होती है। अब जब वल्लभगढ़ की छात्रा निकिता का मामला सामने आया है, तो ऐसे बुद्धिजीवियों को इस हत्याकांड की भी निंदा करनी चाहिए। निकिता की हत्या हुए चार दिन गुजर गए, लेकिन अभी तक भी उन बुद्धिजीवियों ने निंदा नहीं की है, जिन्हें भारत में असहिष्णुता नजर आती है।
सवाल उठता है कि आखिर निकिता का क्या दोष था। जांच पड़ताल में सामने आया है कि हत्यारा तौफिक कांग्रेस के एक विधायक के निकट का रिश्तदार है। हालांकि तौफिक के परिजनों ने भी निकिता की हत्या को गलत माना है, लेकिन यह जरूरी है कि इस मामले की विस्तृत जांच पड़ताल हो। सवाल किसी लव जिहाद का नहीं है, सवाल लड़कियों की सुरक्षा का है। जब बेटियां सुरक्षित नहीं रहेंगी तो फिर इस समाज का क्या होगा? अच्छा हो कि निकिता हत्याकांड में दोषियों के खिलाफ सख्त कार्यवाही हो। देश में इस बात के पुख्ता इंतजाम होने चाहिए कि वल्लभगढ़ जैसी घटना दोबारा से न हो।







