शांतिपूर्ण बंद के लिए जिला प्रशासन भी तैयार-कलेक्टर प्रकाश पुरोहित।
अजमेर (एस.पी.मित्तल) – 8 दिसम्बर को भारत बंद के अंतर्गत अजमेर में कांग्रेस के कार्यकर्ता बंद को सफल बनाएगे। शहर कांग्रेस कमेटी के निवर्तमान अध्यक्ष विजय जैन ने बताया कि प्रदेश कार्यालय से प्राप्त निर्देशों के अनुसार बंद की सभी तैयारियाँ पूरी कर ली गई है। बंद से मेडिकल स्टोर, पेट्रोलपंप जैसी आवश्यक सुविधाओं को मुक्त रखा गया है।
उन्होंने व्यापारियों से आग्रह किया कि किसानों के आंदोलन के समर्थन में स्वैच्छा से दुकानों को बंद रखा जाए। जैन ने बताया कि 7 दिसम्बर को कांग्रेस के कार्यकर्ताओं की एक बैठक हुई, जिसमें क्षेत्रवार जिम्मेदारी दी गई। कार्यकर्ताओं को कोविड-19 के नियमों की पालना करने की हिदायत दी गई है। सभी कार्यकर्ताओं से कहा गया है कि वे मुंह पर मास्क लगाए और दो गज की दूरी का पालन करे। जैन ने कहा कि लोगों की भावनाओं से पता चलता है कि अजमेर बंद सफल जो जाएगा।
प्रशासन भी तैयार:
शांतिपूर्ण अजमेर बंद के लिए जिला प्रशासन भी तैयार है। जिला कलेक्टर प्रकाश पुरोहित ने बताया कि किसान आंदोलन से जुड़े प्रतिनिधियों आदि से सम्पर्क किया गया है। जिला स्तर पर एक उच्च स्तरीय बैठक कर अधिकारियों को आवश्यक निर्देश दिए गए हैं। चूंकि 8 दिसम्बर को ही पंचायतीराज चुनाव की मत गणना भी होनी है,इसलिए प्रशासन ने विशेष इंतजाम किए हैं। कलेक्टर पुरोहित ने उम्मीद जताई कि बंद के दौरान सक्रिय कार्यकर्ता कोविड-19 के नियमों का पालन करेंगे। उन्होंने कहा कि प्रशासन का मकसद कानून व्यवस्था को बनाए रखना है।
यदि किसी व्यक्ति ने कानून को तोड़ा तो उसके विरुद्ध सख्ती कार्यवाही की जाएगी। बंद के दौरान कोविड-19 के नियमों का सख्ती से पालन करवाया जाएगा। चूंकि राजनीतिक आयोजनों में भी 100 व्यक्तियों के एकत्रित होने का नियम है, इसलिए इस नियम का सभी को पालन ख्याल रखना होगा। इस संबंध में उपखंड अधिकारियों को भी आवश्यक दिशा निर्देश दिए गए हैं। हालांकि अजमेर में किसानों का कोई बड़ा आंदोलन नहीं हुआ है,लेकिन प्रशासन अपनी ओर से सतर्कता बरत रहा है।







