- भाजपा के देहात अध्यक्ष भूतड़ा ने लगाए आरोप।
- मंत्री का विवादित वीडियो भी चुनावी चर्चा का विषय बना।
- कांग्रेस का बोर्ड ही करवा सकता है केकड़ी का विकास।
अजमेर (एस.पी.मित्तल) – केकड़ी नगर पालिका के 40 वार्डों के चुनाव 28 जनवरी को होने हैं। 23 जनवरी को लगातार दूसरे दिन क्षेत्रीय विधायक और प्रदेश के चिकित्सा मंत्री रघु शर्मा ने केकड़ी में डेरा जमाए रखा। रघु का 28 जनवरी को मतदान के दिन तक केकड़ी और सरवाड़ में रहने का कार्यक्रम बताया जा रहा है।
केकड़ी विधानसभा क्षेत्र में आने वाले सरवाड़ में भी पालिका के चुनाव होने हैं। भाजपा के देहात जिला अध्यक्ष देव शंकर भूतड़ा ने आरोप लगाया है कि निकाय चुनाव में हार के माहौल से घबरा कर रघु शर्मा अपने मंत्री पद का दुरुपयोग कर रहे हैं। भाजपा के कार्यकर्ताओं के खिलाफ पुलिस में झूठे मुकदमें दर्ज करवाए जा रहे हैं। 23 जनवरी को भी भाजपा के कार्यकर्ता महेन्द्र राव को बेवजह शांति भंग करने के आरोप में गिरफ्तार कर लिया। इससे पहले भी भाजपा के 16 कार्यकर्ताओं पर राज काज में बाधा डालने का मुकदमा दर्ज करवाया गया।
यह मुकदमा रघु शर्मा के अधीन आने वाले स्वास्थ्य विभाग के अधिकारियों ने करवाया है। भाजपा के कार्यकर्ताओं की छोटी छोटी दुकानों पर स्वास्थ्य विभाग के अधिकारियों से छापामार कार्यवाही करवाई जा रही है। रघु शर्मा चाहते हैं कि भाजपा के कार्यकर्ता चुनाव प्रचार के लिए बाहर नहीं आए। आम लोगों को भी डराया धमकाया जा रहा है। भूतड़ा ने आरोप लगाया कि रघु शर्मा अपने मंत्री पद का दुरुपयोग कर रहे हैं। केकड़ी में इस समय दहशत का माहौल है। आम लोगों की सुनने वाला कोई नहीं है। मंत्री की ऐसी कार्यवाहियों से लोगों के मन में जबर्दस्त गुस्सा है। भूतड़ा ने कहा कि जिस प्रकार पंचायतीराज के चुनाव में ग्रामीण मतदाताओं ने रघु शर्मा को सबक सिखाया उसी प्रकार किया के चुनाव में भी शहरी मतदाता सबक सिखाएंगे। भूतड़ा ने जिला निर्वाचन अधिकारी से आग्रह किया है कि केकड़ी में निष्पक्ष और भय मुक्त वातावरण में चुनाव करवाना सुनिश्चित किया जाए।
विवादित वीडियो भी:
सोशल मीडिया पर मंत्री रघु शर्मा का एक विवादित वीडियो भी चुनाव चर्चा का विषय बना हुआ है। यह वीडियो 22 जनवरी की रात का सरवाड़ के वार्ड संख्या 13 का बताया जा रहा है। इस वीडियो में मंत्री रघु शर्मा कह रहे हैं कि मदरसों के विकास में मैंने पहले भी कोई कमी नहीं रखी है और आगे भी नहीं रखूंगा। मैंने मदरसों के लिए पहले भी पैसे दिए हैं और आगे भी देता रहूंगा। इसी दौरान एक युवक ने जब दारुल उलम मदरसे के लिए 10 लाख देने का प्रस्ताव रखा तो रघु शर्मा ने 15 लाख देने की घोषणा की। मंत्री का यही वीडियो अब चुनावी चर्चा का विषय बना हुआ है। जानकारों ने इसे चुनाव आचार संहिता का उल्लंघन भी माना है।
केकड़ी का विकास:
वहीं चिकित्सा मंत्री रघु शर्मा अपने निर्वाचन क्षेत्र के दोनों निकायों में विकास का भरोसा दिलवा रहे हैं। रघु शर्मा का कहना है कि कांग्रेस का बोर्ड ही विकास करवा सकता है। उन्होंने कहा कि केकड़ी में दस वर्षों से भाजपा का बोर्ड है, लेकिन विकास का कोई काम नहीं हुआ। केकड़ी में भाजपा का बोर्ड और राज्य में भाजपा की सरकार होने के बाद भी विकास नहीं हुआ है। जबकि उन्होंने अपने दो वर्ष के कार्यकाल में केकड़ी में अनेक कार्य करवाएं हैं। केकड़ी के अस्पताल को जिला अस्पताल की सुविधाओं से युक्त किया जा रहा है। उन्होंने कहा कि यदि केकड़ी कांग्रेस का बोर्ड बनता है, तो विकास में कोई कसर नहीं छोड़ी जाएगी।







