रेसलर विनेश फोगाट को हुआ कोरोना

नई दिल्ली – दिग्गज भारतीय महिला रेसलर विनेश फोगाट कोरोना पॉजिटिव पाई गई हैं। उन्हें कल यानी शनिवार को ही खेल जगत के सर्वोच्च सम्मान राजीव गांधी खेल रत्न से नवाजा जाना था। विनेश को साल 2016 में अर्जुन अवॉर्ड से सम्मानित किया जा चुका है।
एशियाई और राष्ट्रमंडल खेलों की गोल्ड मेडलिस्ट विनेश ने शुक्रवार को कहा कि वह कोविड-19 जांच में पॉजिटिव पाई गई हैं। इस साल देश के सर्वोच्च खेल पुरस्कार ‘राजीव गांधी खेल रत्न’ के लिए चुनी गईं विनेश इन दिनों अपने कोच ओम प्रकाश की देख-रेख में सोनीपत में अभ्यास कर रही थीं।
फ्रीस्टाइल रेसलर विनेश ने कहा, ‘खेल पुरस्कारों की तैयारियों के तहत कोरोना वायरस के जांच के लिए सोनीपत में मेरा नमूना लिया गया था, जांच में इसका नतीजा पॉजिटिव आया है। भगवान ने चाहा तो मैं जल्द ठीक हो जाऊंगी।’
हरियाणा की 26 साल की विनेश गीता और बबीता की चचेरी बहन हैं। उन्होंने पिछले साल वर्ल्ड चैंपियनशिप में भी मेडल जीता था। इतना ही नहीं, उन्होंने अगले साल होने वाले तोक्यो ओलिंपिक के लिए भी क्वॉलिफाइ किया था।

 

LEAVE A REPLY

Please enter your comment!
Please enter your name here