- बिजली की बढ़ी दरों पर रोष जताया।
- सांसद और विधायक कराए कोरोना टेस्ट-सीएम गहलोत।
जयपूर (एस.पी.मित्तल) – भाजपा के हल्ला बोल अभियान के अंतर्गत 31 अगस्त को अजमेर में दक्षिण विधानसभा क्षेत्र के प्रमुख पावर हाऊस और बिजली दफ्तरों के बाहर भाजपा के कार्यकर्ताओं ने धरना प्रदर्शन किया। इन धरना प्रदर्शनों में पूर्व मंत्री और क्षेत्रीय भाजपा विधायक श्रीमती अनिता भदेल भी उपस्थित रहीं। दक्षिण क्षेत्र के आर्य मंडल के भाजपा कार्यकर्ताओं ने सीएम अशोक गहलोत के पुतले की शव यात्रा भी निकाली। इस शवयात्रा में विधायक भदेल भी शामिल रही। बाद में सीएम के पुतले को हजारी बाग स्थित बिजली दफ्तर के बाहर जलाया गया। इसी प्रकार आदर्श मंडल से जुड़े कार्यकर्ताओं ने परबतपुरा पावर हाउस के बाहर कांग्रेस सरकार की सद्बुद्धि के लिए हवन यज्ञ किया। झलकारी बाई मंडल की कार्यकर्ताओं ने मदार स्थित पावर हाउस के बाहर प्रदर्शन किया। सभी स्थानों के प्रदर्शनकारियों को संबोधित करते हुए विधायक भदेल ने कहा कि विधानसभा चुनाव में झूठे वायदे कर कांग्रेस सत्ता में आ गई। लेकिन आज आम लोगों को परेशानी का सामना करना पड़ रहा है। सरकार ने हाल ही में बिजली की दरों में जो वृद्धि की है उससे आम उपभोक्ता परेशान है। जिन उपभोक्ताओं के यहां अब तक दो हजार रुपए का बिल आ रहा था उन्हें अब चार हजार रुपए से भी ज्यादा का बिल चुकाना पड़ रहा है। इससे घरेलू उपभोक्ता और किसान ही परेशान नहीं है बल्कि लघु उद्यमी भी परेशान है। लॉकडाउन की वजह से पहले ही उद्योग बंद पड़े हैं और अब बिजली के बिलों की मार ने उद्योगपतियों का बुरा हाल कर दिया है। भदेल ने कहा कि सीएम गहलोत सिर्फ अपनी सरकार बचाने में लगे हुए हैं। गहलोत को आम लोगों की पीड़ा से कोई सरोकार नहीं है। कोरोना काल में आम व्यक्ति वैसे ही परेशान है।
सांसद-विधायक टेस्ट कराएं:
एक ओर भाजपा के कार्यकर्ता प्रदेशभर में धरना प्रदर्शन कर रहे हैं तो वहीं सीएम अशोक गहलोत ने प्रदेश के सभी सांसदों और विधायकों से कोरोना टेस्ट करवाने की अपील की है। गहलोत ने कहा कि सांासद और विधायक आम लोगों से मिलते रहते हैं। ऐसे में उन्हें सबसे ज्यादा संक्रमण का खतरा है।







