अजमेर से जिन कांग्रेसियों ने मलाई खाई अब वो सचिन पायलट के जन्मदिन के मौके पर मुंह छिपा रहे हैं।

  • लेकिन फिर भी जिले के हर विधानसभा क्षेत्र में सात सितम्बर को रक्तदान शिविर लगेंगे।
  • चिकित्सा मंत्री रघु शर्मा की नाराजगी से डरे हुए हैं अनेक नेता।

जयपूर (एस.पी.मित्तल) – राजस्थान की कांग्रेस की राजनीति में मुख्यमंत्री अशोक गहलोत के मुकाबले में खड़े कांग्रेस के पूर्व प्रदेश अध्यक्ष सचिन पायलट का जन्म दिन सात सितम्बर को प्रदेश भर में मनाया जा रहा है। मौजूदा राजनीतिक हालातों में इसे पायलट का शक्ति परीक्षण भी माना जा रहा है। चूंकि पायलट ने अजमेर से दो बार लोकसभा का चुनाव लड़ा। इसलिए अजमेर में जन्मदिन के कार्यक्रमों का राजनीतिक दृष्टि से काफी महत्व है। प्रदेश कांग्रेस का अध्यक्ष रहते हुए पायलट ने अजमेर में ऐसे कांग्रेसियों को महत्व दिया, जो ब्लॉक स्तर के पदाधिकारी बनने की हैसियत भी नहीं रखते थे। ऐसे कांग्रेसियों को जिला संगठन और प्रदेश संगठन में महत्वपूर्ण जिम्मेदारी दी। कई नेताओं ने तो साफे बांधकर ऐसा दर्शाया की वे बहुत बड़े नेता हैं। जिन कांग्रेसियों को पायलट ने जमीन से उठाकर आसमान पर बैठाया उनमें से अधिकांश अब जन्मदिन के मौके पर मुंह छिपा रहे हैं। ऐसे अनेक कांग्रेसियों का मन चार सितम्बर को टटोला गया। कईयों ने कहा कि हमें विवाद में नहीं डाला जाए। कुछ का कहना रहा कि पायलट का जन्मदिन मनाया तो अशोक गहलोत का खेमा नाराज हो जाएगा। कुछ नेताओं ने जिले के विधायक और प्रदेश के चिकित्सा मंत्री रघु शर्मा का डर बताया। रघु शर्मा इन दिनों पायलट के खिलाफ सक्रिय हैं। रघु शर्मा के समर्थक नहीं चाहते कि अजमेर में पायलट का जन्मदिन उत्साह के साथ मने। लेकिन इसके बावजूद भी जिले के आठों विधानसभा क्षेत्रों में पायलट के जन्मदिन के अवसर पर रक्तदान शिविर लगाए जा रहे हैं। कोरोना संक्रमण को देखते हुए भीड़ वाले आयोजन नहीं किए जा रहे हैं। रक्तदान शिविरों में भी फिजिकल डिस्टेसिंंग का विशेष ध्यान रखा जा रहा है। अजमेर शहर कांग्रेस कमेटी के निवर्तमान अध्यक्ष विजय जैन पूरी निष्ठा के साथ रक्तदान शिविर को सफल बनाने में लगे हुए हैं। जैन ने बताया कि शास्त्री नगर स्थित भारत हॉस्पिटल में 7 सितम्बर को प्रात: 8 बजे से शिविर लगाया जाएगा। शिविर में 500 यूनिट रक्त एकत्रित करने का लक्ष्य रखा गया है। इसी प्रकार एमडीएस यूनिवर्सिटी के छात्र भी अलग से शिविर लगा रहे हैं। दक्षिण विधानसभा क्षेत्र में प्रदेश कांग्रेस कमेटी के सदस्य रहे बीडी उद्योगपति हेमंत भाटी भी नगरा स्थित नानकी पैलेस में शिविर लगाएंगे। जिले के किशनगढ़ क्षेत्र में शिविर की कमान राजेन्द्र गुप्ता के पास है। गुप्ता शुरू से ही पायलट के साथ रहे हैं। गुप्ता ने बताया कि राजकीय यज्ञ नारायण अस्पताल में प्रात: 9 बजे से शिविर लगाया जाएगा। शिविर में 500 यूनिट रक्त एकत्रित किया जाएगा। चिकित्सा मंत्री रघु शर्मा के निर्वाचन क्षेत्र केकड़ी में सांवरलाल गुर्जर ने शिविर की कमान संभाल रखी है। उन्होंने बताया कि अजमेर रोड स्थित तुलसी गार्डन में शिविर लगाया जाएगा। एकत्रित रक्त को केकड़ी के सरकारी अस्पताल में ही दिया जाएगा। पायलट के जन्म दिन पर हो रहे शिविर की प्रचार सामग्री में रघु शर्मा के नाम का उल्लेख नहीं है। न ही किसी पोस्टर बैनर पर रघु शर्मा का फोटो है। शर्मा के समर्थक माने जाने वाले कांग्रेसी भी शिविर से दूर हैं। लेकिन इसके बावजूद भी रक्तदान शिविर को लेकर केकड़ी के आम कार्यकर्ताओं में उत्साह देखा गया है। जिले के सबसे बड़े उपखंड ब्यावर में शिविर की कमान पारसपंच के पास है। पंच ने बताया कि ब्यावर में पायलट के जन्मदिन पर रक्तदान को लेकर कार्यकर्ताओं में खास उत्साह है। ब्यावर में लगने वाले शिविर में सौ यूनिट रक्त एकत्रित करने का लक्ष्य रखा गया है। पुष्कर कांग्रेस कमेटी की निर्वतमान अध्यक्ष श्रीमती कुर्डिया ने बताया कि शिविर का स्थान अभी तय नहीं है, लेकिन जन्मदिन के अवसर पर पुष्कर के वृद्धाश्रम में बुजुर्गों के बीच केक काटा जाएगा तथा अस्पताल में फल वितरित किए जाएंगे। पायलट के समर्थक माने जाने वाले संग्राम सिंह गुर्जर ने बताया कि पुष्कर विधानसभा क्षेत्र के पीसांगन में रक्तदान शिविर लगेगा। नसीराबाद कमान पूर्व विधायक रामनारायण गुर्जर ने संभाल रखी है। गुर्जर ने बताया कि नसीराबाद में गुर्जर धर्मशाला में रक्तदान शिविर लगाया जाएगा। मसूदा के विधायक और सचिन पायलट के साथ एक माह तक दिल्ली में रहने वाले राकेश पारीक ने बताया कि मसूदा क्षेत्र का शिविर बिजयनगर में गांधी उद्यान में लगेगा। पारीक ने कहा कि कांग्रेस का आम कार्यकर्ता पायलट के साथ है। भाजपा के शासन में जिन कार्यकर्ताओं ने संघर्ष किया उसी का परिणाम है कि कांग्रेस को सत्ता मिली। संघर्ष करने वाले कार्यकर्ता दिल से पायलट के साथ हैं।

 

LEAVE A REPLY

Please enter your comment!
Please enter your name here